रेउसा थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम आपसी कलह में दंपती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। पत्नी को रेउसा से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस को सूचना दे दी गई है। घटना के समय युवक अपनी ससुराल में पत्नी के साथ ही था।
रेउसा के रेवान निवासी रामलखन (35) की ससुराल क्षेत्र के ईरापुर सुतौली में शिवकुमार के यहां है। उसकी पत्नी सुनीता (30) काफी समय से बीमार चल रही है। जिसके चलते रामलखन रुपये लेकर पत्नी की दवा दिलवाने ससुराल गया था।
जब वह ससुराल पहुंचा तो रास्ते मे उसके पास से इलाज के लिए रखे तीन हजार रुपये गिर गए। यह बात उसने पत्नी को बताई तो दोनों में विवाद होने लगा। इससे नाराज होकर रामलखन ने जहर खा लिया। जब उसे उल्टियां होने लगी तो उसकी ससुराल वाले उसे लेकर सांडा सीएचसी पहुंचे।
यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद ससुराल वाले शव लेकर उसके घर चले गए। इस बीच रामलखन की पत्नी सुनीता ने भी जहर खा लिया। उसे रेउसा सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।