तालगांव इलाके के घूरेपारा गांव में बुधवार को बच्चों के बीच हुआ विवाद बढ़कर बड़ों तक पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में एक महिला सहित दोनों पक्षों के चार लोग जख्मी हो गए।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। तालगांव के घूरेपारा गांव निवासी सीताराम व शिवकुमार के परिवार के बच्चे बुधवार को गांव में ही एक किराना दुकान पर सामान लेने गए थे। जहां दोनों पक्षों के बच्चों में विवाद हो गया।
विवाद के बाद बच्चों ने घर पहुंच कर अपने परिवार वालों को जानकारी दी। इस पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। बच्चों का विवाद बड़ों में होने लगा। इस बीच दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे एक पक्ष से सीताराम, दूसरे पक्ष से शिव कुमार, सुशीला व रामू जख्मी हो गए। दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल भेजा गया। मामले को लेकर सीताराम ने पांच लोगों को नामजद किया है, जबकि शिव कुमार ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।