एनआरएचएम घोटाले की छानबीन में जुटी सीबीआई टीम ने गुरुवार को बिसवां, सांडा व रेउसा सीएचसी के अभिलेख खंगाले। इस दौरान जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों व आशा बहुओं से अलग से पूछताछ की।
सूत्रों की माने तो कुछ लाभार्थियों ने रकम न मिलने की शिकायत की। इसके अलावा 2005 के तमाम अभिलेखों की जांच पड़ताल की। कुछ कागजात अपने कब्जे में भी लिए।
सीबीआई टीम 2005 से 2011 के बीच हुए घोटाले की जांच कर रही है। इसको लेकर तीन दिन से जिले में डेरा डाल रखा है। इस दौरान टीम दवाओं की खरीद, जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों की जांच पड़ताल, संविदा कर्मियों को भुगतान आदि बिंदुओं की जांच कर रही है।
गुरुवार को टीम बिसवां सीएचसी पहुंची। यहां पर जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों से बातचीत की। उनसे लाभ मिलने की बात पूछी। सूत्रों का कहना है कि कुछ लाभार्थियों ने लाभ मिलने से इन्कार कर दिया है।
इसकी बाकायदा लिखित शिकायत भी की है। वही आशा बहुओं से पूछताछ के बाद उनके बयान दर्ज किए। इस दौरान टीम ने पुराने अभिलेख खंगाले।
कुछ अभिलेख टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह का कहना है कि सीबीआई टीम शुक्रवार को भी जांच पड़ताल करेगी।