कल्यानपुर गांव में शुक्रवार को पेड़ पर 25 फीट की ऊंचाई पर एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में गमछे के सहारे लटका मिला। बताते हैं कि मायके मेें रह रही विवाहिता दो मई से लापता थी।
चार मई को उसके पिता ने गांव के एक युवक समेत दो लोगों के खिलाफ बेटी को भगा ले जाने का केस दर्ज कराया था। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। उधर, खबर पाकर एसपी मृगेंद्र सिंह, सीओ सदर उमाशंकर सिंह, एसओ योगेंद्र सिंह, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों ने मौके पर जांच की। समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हरगांव के कलीनामा पूर्वी कल्यानपुर निवासी कुसुमा देवी (19) पुत्री हरद्वारीलाल का शव शुक्रवार सुबह गांव के पास एक सूखे पेड़ पर लटका हुआ मिला। यह देख ग्रामीणों ने तत्काल कुसुमा के परिवारीजनों को सूचना दी।
थोड़ी ही देर में एसपी मृगेंद्र सिंह, सीओ, एसओ व फिंगर प्रिंट टीम मौके पर पहुंच गई। शव करीब 25 फीट की ऊंचाई पर पेड़ से लटक रहा था। गले में गमछे का फंदा कसा हुआ था। जिसकी वजह से क्रेन के जरिए शव को नीचे उतारा गया।
बताते हैं कि देखने से शव कई दिन पुराना लग रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि युवती की लखीमपुर निवासी हरीश से शादी हुई थी। इस समय वह अपने मायके में ही रहती थी। दो मई को वह घर से अचानक लापता हो गई।
इसके बाद उसके पिता ने गांव निवासी बबलू व उसके एक अज्ञात साथी पर केस दर्ज कराया था। कुछ लोगों का कहना है कि विवाहिता की हत्या करने के बाद लाश लटका दी गई। घटना को लेकर मृतक के पिता ने भी हत्या का शक जताया है, लेकिन उसने समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं दी थी।
एसओ योगेंद्र सिंह का कहना है कि मामले में पिता की तहरीर पर विवाहिता को भगा ले जाने का केस दर्ज है। अब विवाहिता का शव मिलने के बाद कई पहलुओं पर जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।