खैराबाद ब्लॉक के रसूलपुर के एक मतदान केंद्र पर सोमवार को फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए दबंगों द्वारा किए गए बवाल के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को जेल भेज दिया है। इनमें नौ महिलाएं व नौ पुरुष हैं।
मंसूरपुर ग्राम पंचायत के रसूलपुर गांव के पोलिंग स्टेशन पर सोमवार को प्रधान पद के प्रत्याशी दयाराम के इशारे पर भारी संख्या में महिलाओं व कुछ पुरुषों ने पोलिंग बूथ पर कब्जा कर लिया था।
पोलिंग बूथ पर तोड़फोड़ जमकर हंगामा करने के साथ ही दबंगों ने पीठासीन अधिकारी व कई पुलिस कर्मियों को हमला कर जख्मी कर दिया था।
इन लोगों ने पोलिंग स्टेशन के दरवाजे तोड़ दिए और उसमें से दो मतपेटियां को लूट लिया था। लूटी गईं मतपेटियों को पानी में फेंक दिया गया था। इस मामले में सीओ राहुल मिठास का कहना है कि मामले में 38 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इंस्पेक्टर दीपक शुक्ला ने बताया कि मामले में पकड़े गए लोगों के खिलाफ पीठासीन अधिकारी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। जिसके चलते आरोपी इंद्रजीत, राजाराम, आशाराम, अमित कुमार, प्रदीप, दीपक, राहुल, राजेश जगन्नाथ के अलावा महिलाओं में अनीता, किरन, मधु, रामश्री, पुष्पा, भगौता, सरोज, कालिंद्री, इंद्राणी समेत 18 लोगों को जेल भेज दिया है।