लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह खेत में जानवर चराने से मना करने पर दबंगों ने एक परिवार पर हमला बोल दिया। दबंगों ने परिवार पर लाठी-कांता से जमकर प्रहार किए। इससे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम रिछौना निवासी छन्नू लाल (60) का खेत गांव के निकट ही है। इन दिनों उसमें गन्ने की फसल तैयार हो रही हैै। गुरुवार सुबह गांव के नरेश के सूकर खेत में घुस गए। इस बात को लेकर छन्नूलाल ने विरोध जताया। छन्नूलाल का विरोध नरेश को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने अपने आठ साथियों के साथ लाठी व धारदार हथियारों से लैस होकर छन्नूलाल पर हमला बोल दिया।
उसकी चीख सुनते ही छन्नूलाल के परिवार के राम किशन (30), उर्मिला देवी, सुरेश कुमार, बंशीलाल बीच बचाव करने पहुंच गए। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर भी जमकर प्रहार किए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया। लेकिन तब तक छन्नू लाल, रामकिशन, उर्मिला देवी, सुरेश कुमार, बंशीलाल घायल हो चुके थे।
घायलों को कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराने पर डॉक्टरों ने रामकिशन समेत तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया है। घटना के संबंध में छन्नूलाल पक्ष ने गांव के नरेश, धीरज, संदीप, चंदन, लाखन, रंजीत, नीलू व पप्पू के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक मथुरा राय ने बताया कि इस संबंध में आठ लोगों के खिलाफ मारपीट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।