हाईवे पर शुक्रवार भोर एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार में सवार लखनऊ जा रहे हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक रामनरायन यादव, सीओ सिटी शैलेंद्र कुमार समेत चार लोग जख्मी हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से सभी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा में इलाज के बाद सभी को घर भेज दिया गया। खैराबाद इलाके के शुक्रवार भोर एक कार बिनौरा गांव के पास हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई।
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद कार कई राउंड पलट गई। इससे कार कार में सवार हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक रामनरायन यादव (48), हापुड के सीओ सिटी शैलेंद्र कुमार (35), एएसपी का गनर मयंक (30) व कार चला रहा निजी चालक रिंकू (28) गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
आसपास के लोगों ने किसी तरह सभी को कार से निकालकर पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में खैराबाद पुलिस के अलावा सीओ सिटी रामसनेही यादव मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। यहां से सभी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के बाद घायलों को घर भेज दिया गया।