140 लीटर अवैध शराब के साथ सात गिरफ्तार
सिधौली/लहरपुर। अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को भी छापेेमारी अभियान चलाया। सिधौली पुलिस ने 130 लीटर अवैध शराब के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
जबकि लहरपुर पुलिस ने दो लोगों को 10 लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ा। इन लोगों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
सिधौली कोतवाली के उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के ऊंचा खेड़ा में नन्हके के घर छापेमारी की। यहां पर पुलिस ने अवैध रूप से शराब बनाते हुए नन्हके को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से 30 लीटर अवैध शराब व शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। मौके पर 500 लीटर लहन को नष्ट किया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने इसी गांव में बृजलाल व नरेश को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 60 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है।
पुलिस ने अकबरपुर सरैंया गांव में छापेमारी करके गांव के ईश्वरी व बलऊ को 40 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
लहरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह एवं आबकारी टीम ने ग्राम अढ़मलपुर गांव में छापेमारी की। यहां पर पुलिस ने गांव के रामजीवन को तथा ग्राम सुनारीपुर में छापा मारकर राजकुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 10 लीटर अवैध शराब बरामद की है।