वाणिज्य कर टीम ने शुक्रवार को शहर के पांच प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। टीम ने प्रतिष्ठानों पर कैश चेक किया। इनके अलावा कई अन्य दस्तावेज भी जांचे। जांच में प्रथम दृष्टया तकरीबन 88 लाख रुपये की कर चोरी की बात कही जा रही है।
वाणिज्य कर के डिप्टी कमिश्नर मनोज कुमार पांडेय की अगुवाई में सबसे पहले टीम पंजाबी रसोई पहुंची, जहां पर टीम को 24 उपभोक्ता मिले और 5125 रुपये कैश पाया। टीम ने प्रथम दृष्टया 20 लाख रुपये कर चोरी की संभावना जताई।
आर्य स्वीट हाउस घंटाघर में टीम को चार वर्कर काम करते मिले। प्रतिष्ठानों के ब्रांचों का भी उल्लेख नहीं मिला। 12 हजार 745 कैश भी मिला। इस पर यहां पर 25 लाख रुपये कर चोरी की बात कही जा रही है।
इसी प्रकार चंद्रा ब्रेकर्स में 6770 रुपये नगदी मिला। इस पर टीम ने यहां पर तीस लाख कर चोरी होने की संभावना जताई। दम्मू जी टी स्टाल पर छह उपभोक्ता मिले। यहां पांच लाख रुपये कर चोरी होने की संभावना जताई।
इसके अलावा सिविल लाइन में एक अन्य प्रतिष्ठान पर तीन वर्कर मिले। यहां पर भी तकरीबन आठ लाख रुपये कर चोरी होना पाया।