पूरे सुखई मजरे अतरेहटा का रहने वाला सत्य नारायण (30) महराजगंज कस्बे के एक होटल में काम करता था। गुरुवार की रात वह निमंत्रण में शामिल होने के लिए बाइक से बावन बुजुर्ग बल्ला गांव गया था।
वहां से देर रात करीब 11:30 बजे अकेले लौट रहा था। महराजगंज-बछरावां रोड पर बबुरिहा गांव के पास सड़क पर खड़े ट्रक में सामने से भिड़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बाइक के जहां परखच्चे उड़ गए, वहीं उसमें आग भी लग गई। घटना का पता चला तो आसपास के लोग एकत्र हुए। किसी तरह बाइक में लगी आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि मृतक के बड़े भाई राम प्रकाश की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।