सीतापुर जिले के पांच थाना क्षेत्रों के दस घरों से सोमवार की रात चोरों ने जेवर, नकदी, बर्तन व कपड़े सहित करीब चार लाख का माल पार कर दिया। घटनाओं को लेकर संबंधित थानों की पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने मामलों को लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लच्छीपुर निवासी रामकुमार यादव पुत्र रामसेवक के घर धावा बोलकर चोरों ने कपड़ा, बर्तन, जेवर सहित करीब 50 हजार रुपये की सम्पत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
इसी तरह रामपुर कलां थाना क्षेत्र के बिबियापुर मजरे कबरा निवासी छत्रपाल यादव पुत्र कालिका प्रसाद के घर में पीछे से दीवार के सहारे दाखिल होकर चोरों ने 13 हजार रुपये, साइकिल व जेवर सहित करीब 50 हजार का सामान चोरी कर लिया।
सिधौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुलारपुर में चोरों ने संतलाल पुत्र परसादी के घर में घुसकर दो हजार नगदी, कपड़े, बर्तन व जेवर सहित करीब 25 हजार रुपये चोरी कर लिए। यहीं के निवासी राम सुमिरन वर्मा पुत्र भैरव प्रसाद के घर से चोरों ने 30 किग्रा मेंथा, पांच हजार की नगदी, कपड़ा, बर्तन, जेवर सहित करीब 80 हजार रुपये की सम्पति चोरी कर ली।
चोरों ने यहीं के निवासी राम खेलावन गुप्त पुत्र त्रिभुवन गुप्त के घर धावा बोलकर जेवर, लैपटाप, बर्तन सहित करीब 50 हजार रुपये की सम्पत्ति चोरी की ली। खैराबाद इलाके के बुढ़ानपुर गांव निवासी रामश्री के यहां से चोरों ने जेवर, बर्तन व कपड़े सहित 35 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया।
चोरों ने यहीं के सीताराम के घर से 15 हजार रुपये का सामान चोरी कर ली। पिसावां कस्बे में रात को चोरों ने महोली रोड पर स्थित गुड्डू सिंह के आवास से जेवर, कपड़े व बर्तन सहित लगभग 20 हजार की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
यहीं के सुरेश पांडेय के घर से ताला तोड़ कर सात हजार नगदी सहित 60 हजार का सामान चोरी कर लिया गया। क्षेत्र के महमदापुर निवासी टोर्री के यहां से पांच हजार की संपत्ति चोरी चली गई। इन सभी घटनाओं की सूचना संबंधित पुलिस को दे दी गई है।