अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले तस्कर, तालगांव का मामला
लहरपुर (सीतापुर)। भाजपा का झंडा लगी एक एसयूवी में तस्करी के लिए ले जाए जा रहे चार गौवंश तालगांव पुलिस ने बरामद किए हैं। वाहन सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने वाहन व गौवंश कब्जे में ले लिए हैं। भाजपा का झंडा उतारकर गाड़ी के अंदर रख दिया गया। कोतवाल तालगांव जल्द ही दोषियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रहे हैं।
तालगांव पुलिस को मंगलवार की मध्य रात्रि एक एसयूवी में गौवंश तस्करी किए जाने की खबर मिली। इस पर तालगांव कोतवाल योगेश शाह ने सब इंसपेक्टर त्रिभुवन सिंह यादव, हरद्वारी लाल व कांस्टेबल राकेश यादव, रविन्द्र सिंह के साथ मोहकमगंज के पास खड़े होकर तस्करों का इंतजार करने लगे।
रात करीब एक बजे एसयूवी आती दिखाई दी। सामने पुलिस खड़ी देख तस्करों ने भागने का प्रयास करते हुए गाड़ी की रफ्तार काफी तेज कर दी। पुलिस ने गौ तस्करों का पीछा किया। पुलिस को पीछा करते देख तस्कर गाड़ी छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग निकले।
गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा हुआ था। जिसे बाद में पुलिस ने उतारकर गाड़ी के डैश बोर्ड पर रख दिया। कोतवाल योगेश शाह ने बताया कि गाड़ी से चार गाय बरामद की गई हैं। जल्द ही दोषियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।