निजी कॉलेज पर पथराव, डेढ़ घंटे तक फंसे सैकड़ों राहगीर
बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में एक निजी कॉलेज के शिक्षकों ने परिवहन निगम के बस चालक की जमकर पिटाई कर दी। इससे घटना से नाराज विभाग के चालकों ने बसों का संचालन रोककर सड़क पर जाम लगा दिया। गुस्साए चालकों द्वारा कॉलेज पर पथराव भी किया गया।
जाम लगने से सिधौली-बिसवां मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। जाम की खबर पाकर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालकों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहने से राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।
स्थानीय कोतवाली इलाके के ग्राम टिकरा स्थित नंदकिशोर कैलाश चंद्र महाविद्यालय के पास से गुजर रही परिवहन निगम की अनुबंधित बस के चालकों द्वारा किसी भी बस को कॉलेज के सामने न रोके जाने से नाराज शिक्षकों ने सोमवार को एक बस रोकी और उसके चालक राकेश वर्मा निवासी ग्राम बहेरवा की जमकर पिटाई कर दी।
इस घटना की जानकारी मिलने पर अन्य बस चालक वहां पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। गुस्साए चालकों ने कॉलेज पर पथराव भी किया। हालांकि पथराव से कोई हताहत नहीं हुआ है। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने चालकों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया गया।
इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहने से सड़क पर दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कई राहगीर जाम में फंसकर परेशान हुए। सीओ तौकीर अहमद खान ने बताया कि मामला संज्ञान में है, केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।