असलहों से लैस सात डकैतों ने शनिवार रात इमलिया सुल्तानपुर इलाके के जगदीशपुर गोहरैया गांव में एक किसान के घर धावा बोल दिया। परिवार के लोगों को बंधक बनाकर डकैतों ने तीन लाख के जेवर, 35 हजार रुपये, एक लाइसेंसी बंदूक, एक पेटी कारतूस समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का माल लूट लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। उधर, डकैती के बाद शोर सुनकर पड़ोसियों ने उन्हें बंधनमुक्त किया। खबर पुलिस को दी गई। एसपी, एएएसपी, सीओ, एसओ, क्राइम ब्रांच, फिंगर प्रिंट व डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंच कर जांच की और साक्ष्य जुटाए।
जगदीशपुर गोहरैया गांव निवासी राजेंद्र चौरसिया अपने घर के बाहर सो रहा था। उसकी बहू-बेटे व परिवार के अन्य लोग घर के अंदर सो रहे थे। इसी बीच किसी तरह डकैत छत के रास्ते घर में घुस गए। बदमाशों ने परिवार के लोगों को निशाने पर लेकर एक कमरे में बंधक बना दिया।
उसके बाद घर के बाहर सो रहे राजेंद्र को भी पीटते हुए अंदर लाकर कमरे में बंद कर दिया। करीब तीन घंटे तक लूटपाट के बाद बदमाश परिवार के लोगों को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर निकल भागे। राजेंद्र के मुताबिक डकैत बहुओं के करीब तीन लाख के जेवर, 35 हजार की नकदी, बड़े भाई व अधिवक्ता मिश्रीलाल की लाइसेंसी बंदूक, एक पेटी कारतूस समेत करीब साढ़े तीन लाख का माल लूट ले गए।
रात को ही खबर पाकर एसओ केबी सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच कर उच्च अधिकारियों को खबर दे दी गई है। खबर पाकर एसपी सौमित्र यादव, एएसपी मनोज सोनकर, सीओ, क्राइम ब्रांच टीम, डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस का कहना है कि जल्द खुलासा किया जाएगा।