इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दहेलिया निवासी नीरज व उसका परिवार सोमवार की रात घर के आंगन में सो रहा था। रात्रि में कमरे की दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोरों ने बक्सों के ताले तोड़ दिए।
30 हजार रुपये, सोने, चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन अनाज आदि सामान बटोर कर मौके से फरार हो गए। गृहस्वामी ने बताया कि चोरों ने करीब एक लाख रुपये कीमत का माल पार किया है।
महोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरेली निवासी कैलाश व उसका परिवार भी घर के आंगन में सो रहा था। रात्रि को चोर कमरे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। यहां से चोर सोने ,चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन व अनाज उठा ले गए।
गृहस्वामी ने बताया कि चोर यहां से करीब 70 हजार कीमत का माल समेट ले गए हैं। सोमवार की ही रात चोरों ने अटरिया के ग्राम मिसनी स्थित प्राथमिक विद्यालय की रसोई का ताला तोड़ दिया।
यहां से एक गैस सिलेंडर, राशन, मसाला, बर्तन समेट ले गए। दूसरी तरफ जुगराजपुर प्राथमिक विद्यालय की रसोई का भी ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, राशन व बर्तन उठा ले गए।
इसी रात सदरपुर के ग्राम अशरफपुर निवासी प्रेमचंद्र वर्मा के घर में दीवार के सहारे चोर दाखिल हो गए। चोरों ने बक्से व अलमारी के ताले तोड़ दिए तथा वहां रखा 50 लीटर मेंथा, सात हजार की नकदी, सोने, चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन, अनाज आदि सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान बटोर लिया। वहीं घर में रखी लाइसेंसी बंदूक भी पार कर दी।