अवैध मॉडल शॉप संचालक पर केस दर्ज
सीतापुर। शहर में एक लाइसेंस पर चल रहे दो मॉडल शाप के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मॉडल शॉप का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की है। हालांकि इस पूरे मामले में आबकारी विभाग मॉडल शॉप संचालक का बचाव करता नजर आ रहा है।
यहां बता दें कि शुक्रवार की शाम सीओ योगेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक जैनुद्दीन अंसारी ने शहर के गजानन कांप्लेक्स में छापेमारी की थी। यहां पर एक लाइसेंस पर दो मॉडल शॉप चलते हुए पाए थे। सीओ ने इस मामले में कोतवाली पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मामले में देर रात तामसेनगंज चौकी प्रभारी धर्मेंद्र चौधरी व आबकारी निरीक्षक जेजे प्रसाद ने शहर कोतवाली में मॉडल शॉप संचालक शहर को मोहल्ला पूर्णागिरी नगर निवासी प्रदीप सक्सेना के खिलाफ तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं मॉडल शॉप संचालक के लाइसेंस को निरस्त करने की संस्तुति की गई है।