पुलिस, वन विभाग, प्रशासन की संयुक्त टीम ग्रामीणों के साथ करेंगे कॉम्बिंग
सीतापुर। खैराबाद क्षेत्र में आदमखोर कुत्तों की दहशत कम नहीं हो रही है। इनका आतंक इस कदर बढ़ा है कि रविवार को आईजी लखनऊ रेंज सुजीत पांडेय को सीतापुर आना पड़ा। आईजी सीधे खैराबाद पहुंचे और उन्होंने थाने पर घटनाओं व कुत्तों पर अंकुश लगाने के अभियान संबंधी जानकारी ली।
बाद में कहा कि इस अभियान को बड़ी ही सूझबूझ से और तेज किया जाएगा, जल्द ही लोगों को आदमखोर कुत्तों से निजात दिलाई जाएगी। आईजी सुजीत ने बताया कि पुलिस, प्रशासन, वन विभाग की संयुक्त टीम ने कुत्तों व उनके ठहरने के स्थान का चिन्हीकरण कर लिया है।
वहीं उनसे निपटने की पूरी रणनीति भी तैयार कर ली गई है। अब सुबह-शाम ही नहीं, रात के समय भी इन कुत्तों को काबू में करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नाइट विजन कैमरों से लैस ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। लखनऊ से कई ड्रोन कैमरों को सीतापुर भेजा जा रहा है।
ये कैमरे रात के वक्त भी साफ तस्वीर भेज सकते हैं। इसके जरिए आदमखोर कुत्तों की लोकेशन ट्रेस करेंगे, जिसके बाद मथुरा व लखनऊ से आई टीमें उन कुत्तों को पकड़ने का काम करेंगी। आईजी ने बताया कि इस अभियान में गांव-गांव टीमें तैयार कर ली गई हैं।
अभियान में आम जनमानस का भी सहयोग लिया जाएगा। आईजी पूरे विश्वास के साथ बोल रहे थे। यही वजह है कि उन्होंने कहा कि चंद दिनों में ही इस पूरे क्षेत्र से आदमखोर कुत्तों का आतंक समाप्त कर दिया जाएगा।
पत्रकारों को जानकारी देने के बाद आईजी ने एसपी आनंद कुलकर्णी, एएसपी मधुबन सिंह, सीओ योगेंद्र सिंह, खैराबाद, तालगांव, शहर कोतवाली की पुलिस टीम, वन विभाग की टीम, राजस्व विभाग की टीम के साथ थाने में ही बैठक की। इस दौरान टीम द्वारा कुत्तों के चिन्हित किए स्थानों के बारे में जानकारी ली।