शादी का झांसा दे महिला सिपाही से दुराचार करने का आरोपी दरोगा गिरफ्तार
फैजाबाद। शादी का झांसा देकर महिला पुलिसकर्मी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी दरोगा को पुलिस ने रविवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित महिला सिपाही द्वारा एसएसपी से की गई शिकायत के बाद 01 मई को आरोपी दरोगा पर नगर कोतवाली में दुष्कर्म व एससी एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। सीओ सिटी अरविंद चौरसिया की जांच में सभी आरोप सही मिलने पर उन्होंने आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की संस्तुति की है।
अंबेडकरनगर जनपद में तैनात एक महिला सिपाही ने फैजाबाद के पटरंगा थाने में तैनात दरोगा अजय कुमार यादव पर शादी का झांसा देकर दुराचार करने का आरोप लगाया था। पीड़िता के अनुसार दरोगा दो वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर संबंध बना रहा था। उसके द्वारा लगातार शादी करने का दबाव बनाने पर अंत में उसने शादी से इनकार कर गाली-गलौज की। आरोप है कि दरोगा अजय यादव उसके अंबेडकरनगर स्थित आवास पर भी कई बार गया और यहां भी उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़ित महिला सिपाही ने इसकी शिकायत तत्कालीन एसएसपी सुभाष सिंह बघेल से की थी। उनके आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी दरोगा पर दुष्कर्म की धाराओं के साथ-साथ एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। रविवार को केस की जांच कर रहे सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने आरोपी दरोगा को नगर कोतवाली से गिरफ्तार किया। एसपी ग्रामीण संजय कुमार के अनुसार विवेचक ने जांच में महिला सिपाही के आरोप को सही पाया। अपनी रिपोर्ट में उन्होंने आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की भी संस्तुति की है। अब आगे की कार्रवाई की जा रही है।