लापता सुपरवाइजर का मिलिट्री ग्रास फार्म में मिला शव
सीतापुर। उत्तर प्रदेश निर्माण निगम में तैनात सुपरवाइजर शिवराम का शव शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मिलिट्री ग्रास फार्म में मिला। वह दो दिनों से लापता था। परिवार घटना को लेकर तरह-तरह के संदेह जता रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
रामकोट के बरसोहिया निवासी शिवराम (58) उत्तर प्रदेश निर्माण निगम में सुपरवाइजर था। 15 नवंबर को वह साइकिल से ड्यूटी के लिए निकला था। जिसके बाद लौटकर घर नहीं पहुंचा। परिवार के सदस्य उसकी खोज कर रहे थे कि इसी बीच शुक्रवार को आरएमपी कॉलेज के सामने मिलिट्री ग्रास फार्म में एक व्यक्ति का शव तालाब किनारे पड़ा मिलने की सूचना मिली। परिवार मौके पर पहुंचा और शव की शिनाख्त की।
शव के निकट ही शिवराम की साइकिल खड़ी थी। शव दो दिन बाद मिला है, इस बात को लेकर परिवार के सदस्य तरह तरह का संदेह जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिवराम के शरीर पर ऐसा कोई भी निशान नहीं मिला है, जिससे मौत की वजह स्पष्ट हो सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में परिवार ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
मिलिट्री ग्रास फार्म में पाए गए शव के मामले में पुलिस हार्ट अटैक से मौत होने का संदेह जता रही है। पुलिस का मानना है कि शिवराम शायद नित्यक्रिया के लिए तालाब के किनारे गया था। उसी दौरान उसे हार्ट अटैक पड़ गया। जिसकी वजह से उसकी तालाब के किनारे ही मौत हो गई।