रेउसा (सीतापुर)। बाइक सवार दंपती को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपती व मासूम बेटी जख्मी हो गई। घायलों को सीएचसी लाया गया, वहां पत्नी की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
पिता और बेटी का इलाज चल रहा है। रेउसा के ग्राम खानपुर मोइया निवासी गुड़डूनाग परिवार संग पिछले दिनों रेउसा थाना के दलपतपुर तम्बोलीन पुरवा निवासी राम सरन नाग के घर ससुराल गया था।
बुधवार दोपहर को बाइक से वापस घर आ रहा था। रास्ते में तंबौर-रेउसा मार्ग पर खुरवालिया-भिठौली के मध्य एक बोलोरो ने पीछे से ठोकर मार दी।
जिससे बाइक सवार गुड्डू (30), सुनीता (25) पत्नी गुड्डू, माही (1) पुत्री गुड्डू जख्मी हो गई। सभी को रेउसा सीएचसी में भर्ती कराया गया।
वहां डॉक्टर दिनेश वर्मा ने सुनीता की हालत नाजुक होने पर जिला मुख्यालय रेफर कर दिया। अन्य का इलाज चल रहा है।