संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत
चचेरे भाइयों ने जताया हत्या का संदेह
मानपुर (सीतापुर)। संदिग्ध हालात में रविवार को एक अधेड़ की मौत हो गई। चचेरे भाइयों ने हत्या का संदेह जताया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बिसवां के ग्राम नसीरपुर न्योराजपुर निवासी छन्नूलाल (43) करीब 10 वर्ष पहले अपने ननिहाल मानपुर क्षेत्र के पुरवा सलेमपुर गांव आया था। यहां उसने गंगावती नाम की एक महिला के साथ घर बसा लिया था। रविवार की सुबह संदिग्ध हालात में छन्नूलाल की मौत हो गई। खबर पाकर परिवार के सदस्य पुरवा सलेमपुर गांव पहुंच गए। यहां पर परिवार के सदस्य हत्या का आरोप लगाने लगे। छन्नूलाल के चचेरे भाई ने हत्या का संदेह जताते हुए थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि छन्नू लाल के शरीर पर हत्या जैसे कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उधर, गंगावती ने छन्नू लाल की मौत बीमारी के चलते होने की बात कही है।