एचटी लाइन की चपेट में आने से जीजा-साले की मौत
थानगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बुधवार की रात जीजा-साले की हाईवोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मरने वालों में एक युवक बाराबंकी जिले का निवासी है। वह यहां पर अपने बहनोई के घर आया था। एक मृतक के पास से चाकू व कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
थानगांव इलाके के देवरिया निवासी जसवंत के खेत की ओर बुधवार की सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने दो युवकों के शव पड़े देखे। जिसके बाद लोगों ने गांव पहुंच कर इसकी चर्चा की। चर्चा होने पर लोग मौके पर एकत्र हुए। जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर जांच की तो मालूम हुआ कि दोनों युवकों की हाईवोल्टेज विद्युत केबल की चपेट में आने से मौत हुई है। घटना स्थल पर ही 11 हजार केवीए का तार टूटा पड़ा था। साथ ही एक युवक के पास लोहे के रिंच व चाकू मिला। पड़ोस में ही एक पंपिंग सेट का पंखा पड़ा था। पुलिस ने तहकीकात की तो एक मृतक की पहचान थानगांव के ही मगदापुर निवासी पंकज त्रिपाठी (30) पुत्र सुरेश त्रिपाठी के रूप में हुई, जबकि पंकज त्रिपाठी के परिवारीजन ने दूसरे मृतक की पहचान पंकज के साले के रूप में की। दूसरा मृतक बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के मितौली गांव निवासी रमाकांत (22) पुत्र विष्णु था। रमाकांत पंकज का साला है। वह यहां रिश्तेदारी में आया था। घटना की सूचना होते ही वहां सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। साथ ही दोनों मृतकों के परिवारीजन भी पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ जयंती प्रसाद गंगवार का कहना है कि दोनों युवकों की करंट लगने से मौत हुई है। उनके पास से चाकू, लोहे के रिंच व पंपिंग सेट का एक पंखा बरामद हुआ है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।