अधिक भांग खाने से किशोर की मौत
लहरपुर। कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खाने से एक किशोर की मौत हो गई। वह सुबह घर से निकला था, शाम को बेहाल हालत में घर वापस पहुंचा था। परिवार अधिक भांग खाने से मौत होने की बात कह रहे हैं।
बसहिया निवासी स्व. जितेंद्र सिंह का पुत्र शिवम (16) मंगलवार को घर से कहीं गया था। इसी बीच उसने संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खा लिया।
शाम के वक्त बेहाल हालत में वह लड़खड़ाता हुआ घर पहुंचा और घर के दरवाजे पर ही गिर गया। परिवार के सदस्यों ने उसे आननफानन घर में पहुंचाया।
परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच शिवम ने दम तोड़ दिया। शिवम सिंह के चाचा संजीव सिंह ने पुलिस को बताया कि अधिक भांग खाने की वजह से उसकी मौत हुई है।
पुलिस ने मृत्यु का कारण स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया, कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगी।