हमलावरों की पिटाई से युवक की मौत
सीतापुर। हरगांव में कुछ लोगों ने रंजिश में एक अधेड़ की जमकर पिटाई कर दी। इससे घायल अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में गांव की एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
ग्राम सिकटिहा कटका माखन (35) का दीपावली की रात गांव के ही रमाकांत से विवाद हो गया था। आरोप है कि रमाकांत की चाची निर्मला देवी माखन को घर से बुलाकर अपने घर ले गई थी।
जहां पर रमाकांत व निर्मला का पुत्र सर्वेश पहले से घात लगाकर बैठा था। जैसे ही माखन वहां पर पहुंचा, सर्वेश, रमाकांत व निर्मला ने उसे दबोच लिया। जिसके बाद लाठी-डंडों से जमकर उसकी पिटाई की।
घटना में माखन गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिवार के सदस्यों ने उसे हरगांव सीएचसी में भर्ती कराया था। शनिवार को माखन की हालत चिंताजनक बताते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने माखन की हालत नाजुक बताते हुए उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिवार के सदस्य माखन को लेकर लखनऊ जा रहे थे, इसी बीच रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
घटना के संबंध में माखन की पत्नी ने गांव के ही रमाकांत, उसके चचेरे भाई सर्वेश व सर्वेश की मां के खिलाफ हरगांव थाने में तहरीर दी है। जिसमें बताया है कि पुरानी रंजिश के चलते साजिश के तहत निर्मला ने पहले माखन को घर बुलाया। जिसके बाद जमकर पिटाई की।
जिसकी वजह से दो दिन बाद उसके पति की मौत हो गई। थानाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि इस संबंध में दीपावली की रात तहरीर मिली थी, जिस पर मारपीट का मामला दर्ज है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे को उचित धाराओं में तरमीम कर दिया जाएगा।