स्टेटिक टीम ने शुक्रवार को महोली इलाके में रिछाही के पास एक किराना व्यापारी से एक लाख दो हजार नौ सौ रुपये बरामद किए। हालांकि जांच के बाद व्यापारी व उसकी गाड़ी को छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि कैश को लेकर जांच कराई जा रही है।
महोली के भुडक़ुड़ा गांव निवासी संग्राम सिंह किराना कारोबारी है। शुक्रवार को वह खरीदारी करने पिकअप से जिला मुख्यालय जा रहा था। जब वह महोली में रिछाही के पास पहुंचा, तभी वहां जांच कर रही स्टेटिक टीम ने उसे रोक लिया। स्टेटिक टीम में जोनल मजिस्ट्रेट रामानंद अवस्थी व एसआई रामविलास आदि जांच कर रहे थे।
जांच टीम ने संग्राम सिंह से एक लाख दो हजार नौ सौ की नकदी बरामद की। जब उससे कैश की डिटेल पूछी गई तो वह दस्तावेज नहीं दिखा सका। जिसके चलते टीम ने कैश कब्जे में लेकर कारोबारी व उसकी गाड़ी को छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि कैश के बारे में जांच कराई जा रही है। दस्तावेज मंगाए गए हैं। फिलहाल कैश जब्त कर लिया गया है।