जहांगीराबाद (सीतापुर)। थाना रेउसा इलाके में घर से निकले एक बालक का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने हत्याकर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले में जांचकर कार्रवाई होगी।
थाना रेउसा इलाके के रेवनिया मजरा रेवान निवासी रोहित (12) पुत्र कमलेश शुक्रवार को घर से निकला था। काफी देर तक घर नहीं आने पर परिजनों के तलाशने पर बालक का शव गांव के बाहर रामचंद्र मौर्य के खेत में पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना को लेकर बालक के पिता का कहना है कि गांव के ही एक व्यक्ति से उनकी रंजिश थी।
आरोप है कि इसी को लेकर उसने अपने दामाद के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर दी और शव को फंदे पर लटका दिया। एसओ रेउसा बालकृष्ण मिश्र ने बताया कि बालक का शव फंदे पर मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में जांचकर कार्रवाई होगी।