सीतापुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को सीतापुर पहुंचेंगे। वह एपीटीसी (आर्म्ड पुलिस ट्रेनिंग सेंटर) के कमांडेंट के फॉलोअर शैलेंद्र के परिजनों से मुलाकात कर प्रकरण की जानकारी लेंगे। इसके साथ ही सोनम वांगचुक का समर्थन कर रहे नौजवानों के एक समूह से भी मुलाकात करेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
खैराबाद के राजापुर चिलवारा गांव निवासी एपीटीसी के फॉलोअर शैलेंद्र पाल (25) ने मंगलवार को विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी थी। बुधवार को शैलेंद्र की पत्नी सरिता पाल ने एपीटीसी के कमांडेंट पर पति को प्रताड़ित करने व आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। देर शाम सांसद राकेश राठौर व उनके पुत्र के नेतृत्व में ग्रामीणों व परिजनों ने कमांडेंट पर कार्रवाई की मांग को लेकर राजापुर चिलवारा गांव में धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की थी। (संवाद)