महोली इलाके में बिजली की लाइन ठीक करता कर्मचारी। संवाद
सीतापुर। बारिश की वजह से शनिवार को जिले की बिजली आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हुई। शहर में तीन से चार घंटे बिजली ठप रही। वहीं, करीब 400 गांवों में फॉल्ट के चलते आठ से 10 घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
शहर के पुराना सीतापुर इलाके में दोपहर 12 से तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। कोट के पास ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आ गया। वहीं, सिटी स्टेशन के निकट जंपर उड़ गया। इससे 10 मोहल्लों की बिजली प्रभावित रही। नई बस्ती, आनंद नगर, नैपालापुर, पुलिस लाइन, ग्वालमंडी में इंसुलेटर में दिक्कत की वजह से दो घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। तंबौर में बारिश के कारण कई जगह तार टूटने की घटनाएं हुई। इससे करीब 100 गांवों में आठ से 10 घंटे बिजली गुल रही। रेउसा इलाके में जंपर व ट्रांसफार्मर में दिक्कत के चलते करीब 150 गांवों में सुबह 10 बजे बंद हुई आपूर्ति शाम छह बजे बहाल हो पाई। रामपुर मथुरा इलाके में बारिश के कारण एक पोल पर करंट उतरने के बाद आपूर्ति बंद कर दी गई। करीब छह घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो पाई। वहीं, करीब 150 गांवों में उपकेंद्र में तकनीकी समस्या के चलते पांच घंटे की बिजली आपूर्ति बंद रही। अन्य इलाकों में भी बारिश के कारण व्यवधान आया।
अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने बताया कि बारिश की वजह से कई जगह दिक्कत आई थी। आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।