सीतापुर। डीएम अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं से अधिक से अधिक पात्रों को समय से लाभान्वित किया जाए। निर्माणाधीन योजनाओं को समय से पूर्ण कराएं।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों को मानकों के आधार पर पूर्ण गुणवत्ता के साथ बनाया जाए। आंख अस्पताल से लालबाग जाने वाली सड़क को तत्काल ठीक कराने के निर्देश देते हुए एक्सईएन को निर्देशित किया कि हाल में बनाई गई खराब गुणवत्ता वाली सड़कों को तत्काल ठीक कराया जाए।
डीएम ने गोवंश से संबंधित विभिन्न लक्ष्यों के सापेक्ष प्राप्त उपलब्धियों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी पर नाराजगी भी व्यक्त की। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सीतापुर को निर्देश दिए कि नगर में स्थित गोशालाओं में आश्रय प्राप्त कर रहे तीन सौ पशुओं को ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित गोआश्रय स्थल में स्थानांतरित कर रिक्त हुए स्थान को नगर में घूम रहे बेसहारा पशुओं से भरा जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि डेरी संचालकों को सहभागिता योजना के तहत दिए जाने वाले लाभों को अनियमित रूप से न दिया जाए। सहभागिता योजना के तहत दिए जाने वाले लाभों का निरीक्षण करने के निर्देश परियोजना निदेशक डीआरडीए को दिए। जिन परिवारों में कुपोषित बच्चे हैं, उन परिवारों को चिह्नित कर उन्हें दुधारू पशु दिए जाएं।