फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंधाधुंध फायरिंग में लिपिक की मौत

विज्ञापन
सीतापुर के महोली क्षेत्र के रोहिला गांव में मौत के बाद विलाप करते परिजन। - संवाद - फोटो : SITAPUR
विज्ञापन
महोली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में नाली को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। ईंट-पत्थर चले। एक पक्ष की ओर से असलहों से लैस दबंगों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। अंधाधुंध फायरिंग में गोली लगने से लिपिक की मौत हो गई। गोलीबारी में लिपिक का बेटा और उनका पौत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने से दूसरे पक्ष के भी दो लोग घायल हुए। वारदात के बाद हत्या आरोपी मौके से फरार हो गए। ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत है।
विज्ञापन

महोली इलाके के रोहिला निवासी ललित कृष्ण त्रिवेदी व संजू वाजपेयी के बीच नाली का पानी निकालने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज के बाद ईंट-पत्थर चलने लगे। फायरिंग शुरू हो गई। घटना के दौरान फायरिंग की आवाज सुनकर महोली गन्ना परिषद में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात विनोद अवस्थी (45) अपने बेटे आयुष, पौत्र के साथ छत पर आ गए।
फायरिंग देखकर उन्होंने टोक दिया। इससे एक पक्ष के दबंग और गुस्से में आ गए। फायरिंग कर रहे दबंगों ने असलहों की नाल लिपिक और उनके परिवार की ओर करते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली लिपिक विनोद के कनपटी में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। गोली लगने से लिपिक का बेटा आयुष (28), पौत्र उद्यांश (7) व दूसरे पक्ष से ललित कृष्ण त्रिवेदी (40), उनके पुत्र हरि बल्लभ (15) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। अंधाधुंध फायरिंग करने के बाद संजू पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही लिपिक विनोद की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी आरपी सिंह, एएसपी नॉर्थ डॉ. राजीव दीक्षित, एसडीएम, सीओ, महोली इंस्पेक्टर, पिसावां, इमलिया सुल्तानपुर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
एसपी ने जांच करने के बाद मृतक के परिजनों और दूसरे पक्ष के लोगों से भी बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद इंस्पेक्टर महोली समेत अन्य अफसरों को मामले में कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात है। इंस्पेक्टर महोली अतुल तिवारी ने बताया कि दो पक्षों के विवाद में गोली चली है। गोली लगने से एक की मौत हुई। मामले में कार्रवाई जारी है।
बालक की हालत गंभीर, लखनऊ रेफर
गोली लगने से घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से घटना में जान गवांने वाले लिपिक के पौत्र उद्यांश को लखनऊ रेफर किया गया है। बालक की आंख में छर्रे लगे हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार को आंख का ऑपरेशन करके उसके छर्रे निकाले गए हैं। अब हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अंत्येष्टि में शामिल हो अस्पताल में भर्ती हुआ बेटा
लिपिक का घायल बेटा आयुष जिला अस्पताल में भर्ती है। वह शनिवार को जिला अस्पताल से पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था। इसके बाद वह वहां से फिर जिला अस्पताल में भर्ती हो गया है।
बेटे की तहरीर पर छह नामजद
घटना को लेकर मृतक लिपिक के घायल बेटे आयुष ने महोली पुलिस को हत्या आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर महोली अतुल तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में संजीव बाजपेई, सुधीर, अनुराग, अंकित, प्रशांत, छुल्लन समेत अन्य के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है।
पीड़ित परिवार से मिले महोली विधायक
रोहिला गांव में गोलीकांड की सूचना पाकर महोली विधायक शशांक त्रिवेदी मौके पर पहुंचे। विधायक ने मृतक और घायलों के परिवारों से मिलकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद विधायक ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।
बेकसूर लिपिक की मौत से हर कोई स्तब्ध
दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जान गवांने वाले बेकसूर गन्ना परिषद के लिपिक विनोद बहुत ही मिलनसार स्वभाव के थे। सभी से मुस्कराते हुए मिलना उनकी आदत में शुमार था। उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद उनके घर पर लोगों का तांता लगा रहा। गांव से लेकर क्षेत्र में जगह-जगह उनके मिलनसार स्वभाव व नेकदिली की चर्चाएं होती रही। उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विनोद के परिवार में पत्नी अनीता, पुत्र पीयूष, पौत्र उद्यांश हैं। सभी बेेसुध और बेहाल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें