सीतापुर। स्कूलों में एक अप्रैल से शैक्षिक सत्र शुरू हो रहा है। पहले दिन ही नौनिहालों को नई किताबें बांटी जाएंगी। स्कूल चलो अभियान की शुरुआत भी होगी। जिला मुख्यालय से बीआरसी वार किताबें भेजी जा रही हैं। परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाफल वितरित कर दिया गया था।
एक अप्रैल को शिक्षक बच्चों की कक्षोन्नति करेंगे। नौनिहाल अपनी अगली कक्षा में पहुंच जाएंगे। पहले ही दिन किताबों का वितरण होगा। प्रधानाध्यापक स्कूल में जनप्रतिनिधि व अफसर को बुलाकर इसका वितरण करवाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली से स्कूल चलो अभियान की शुरुआत करेंगे। इस कार्यक्रम का जिला मुख्यालय पर सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा। जिले में मैथोडिस्ट स्कूल में मुख्य कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम से ही स्कूल चलो अभियान की शुरुआत होगी। जिला मुख्यालय से किताबें बीआरसीवार भेजी जा रही हैं।
10 फीसदी अधिक होंगे नामांकन
माध्यमिक विद्यालयों में भी एक अप्रैल से सत्र की शुरुआत होगी। इस दिन यहां पर भी स्कूल चलो रैली निकाली जाएगी। डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने बताया कि शिक्षकों को निर्देशित कर दिया गया है। वह पहले ही दिन से नामांकन बढ़ाने के प्रयास शुरू कर दें। पिछले साल की अपेक्षा 10 फीसदी अधिक दाखिले लेने के निर्देश दिए गए है।