सकरन (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में लेनदेन को हुई मारपीट में घायल एक बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में जुट गई है।
कटइयापुरवा मजरा उमराखुर्द निवासी सुमित (12) को 17 अगस्त को पैसों के लेनदेन को लेकर गांव के ही शिवकुमार व उसकी मां ने बुरी तरह से मारा था। बचाने आई सुमित की मां को भी पीटा था।
मारपीट में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन घायलों को लेकर सीएचसी सांडा गए थे। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था, जहां हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे लखीमपुर के एक निजी अस्पताल लेकर गए थे।
वहीं उसका इलाज चल रहा था। मामले में सुमित की बहन प्रीति ने 23 अगस्त को पुलिस को तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने शिवकुमार व उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। शनिवार शाम इलाज के दौरान सुमित की मौत हो गई। एसओ कृष्ण कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।