महमूदाबाद (सीतापुर)। विकास खंड महमूदाबाद की ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास कार्यों का भुगतान होना था। ब्लाॅक में तैनात वरिष्ठ लेखाकार राम प्रताप वर्मा के न आने से ग्राम पंचायतों का बकाया भुगतान नहीं हो सका।
इस पर ग्राम प्रधानों ने शनिवार को नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रधान संघ के अध्यक्ष बृजेश कुमार वर्मा की मौजूदगी में करीब 40 ग्राम प्रधानों ने प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत जाफरपुर के प्रधान व संघ के अध्यक्ष बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि लेखाकार के ब्लाॅक में न आने से ग्राम पंचायतों में मनरेगा का भुगतान नहीं हो सका।
करीब छह माह के बाद शासन से पैसा आया था, लेकिन मनरेगा का भुगतान नहीं हो सका है। ऐसे में प्रधान लेबर, मिस्त्री को कैसे पैसा दे। सोमवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रधान संघ विपिन मिश्रा आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में सभी ग्राम प्रधान ब्लाॅक में एकत्रित होकर अपनी समस्याओं को अवगत करवाएंगे।
लेखाकार पहले ही पटल बदलने की दे चुका अर्जी
ब्लाॅक में तैनात वरिष्ठ लेखाकार राम प्रताप वर्मा ने बीडीओ को अपना पटल बदलने को लेकर अर्जी दी है। हालांकि इस पर अभी कोई निर्देश जारी नहीं हुआ है।