बहनोई ने किया था कविता का कत्ल
-- पांच दिन पूर्व हुई हत्या का पुलिस ने किया खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
सीतापुुर। कोतवाली देहात इलाके में पांच दिन पूर्व गांव के बाहर घास काटने गई महिला की हुई हत्या का खुलासा पुलिस ने शनिवार को कर दिया है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसी के बहनोई ने की थी। पुलिस का दावा है महिला की दूसरों से बढ़ती नजदीकियां और पैसों के लेनदेन को लेकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। हत्या का जुर्म कुबूल करने के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
कोतवाली देहात के पिपरीकलां निवासी कविता (36) सोमवार को जानवरों के लिए चारा लेने गई थी, जहां पर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में सीओ सिटी पीयूष सिंह ने मृतका के ससुर चंद्रिका की तहरीर पर गांव के हरद्वारी, महेंद्र व आशीष के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किए जाने की बात कही थी। कोतवाली देहात इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच आगे बढ़ने पर नामजद आरोपियों का घटना से कोई कनेक्शन सामने नहीं आया तो जांच का दायरा और बढ़ाया गया। सर्विलांस सेल की मदद लेकर कॉल डिटेल खंगालने के बाद मिले साक्ष्यों के आधार पर इलाके के गौरा निवासी नीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
सीओ सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि पूछताछ में उसने महिला की हत्या का जुर्म कुुबूल करते हुए बताया कि रिश्ते में वह मृतका का जीजा लगता है। मृतका का पति बाहर रहकर काम करता था। पति की गैर मौजूदगी के दौरान उसका घर में आना-जाना हुआ और अवैध संबंध बन गए। आरोपी ने कुबूला कि पिछले दिनों वह महिला के घर गया तो दूसरे व्यक्ति के साथ देखा था। इसको लेकर तीनों में विवाद हुआ था। महिला अक्सर पैसे भी मांगती थी। इसी वजह से प्लानिंग बनाकर खेत में मिलकर उसकी हत्या कर दी। सीओ ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल बरामद हो गया है। आरोपी को जेल भेजकर नामजद हुए तीनों लोगों को केस से बरी करने की कार्रवाई की जा रही है।