संदना (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बीती देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार साले की मौत हो गई, जबकि बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया गया है। हादसा कोहरे की वजह से होना बताया जा रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संदना इलाके में शुक्रवार की शाम को पंप से डीजल भराने के बाद जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की डगरहा धाम के पास सामने से आ रहे टेंपो से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो में सवार कोतवाली मिश्रिख इलाके के भटपुरवा निवासी संजय (30) व उसका बहनोई मिश्रिख के नेवादा गांव निवासी सोनेलाल (32) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन संजय की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सोनेलाल को मिश्रिख सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संदना पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।