हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार से शुरू होंगी। इस परीक्षा के लिए जिले में 180 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 89 हजार 422 विद्यार्थी एग्जॉम देंगे। बुधवार को परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा।
परीक्षा दो पॉलियों में होगी। गुरुवार को पहली पाली 7.30 से 10.45 के बीच हाईस्कूल में हिंदी व प्रारंभिक हिंदी का पेपर है। इसी प्रकार इंटरमीडिएट में प्रथम पाली में सैन्य विज्ञान प्रथम पेपर है। जबकि दूसरी पाली 2 बजे से 5.15 के बीच सामान्य हिंदी व हिंदी का प्रथम पेपर है।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल में 50 हजार 786 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। जिसमें 27 हजार 526 बालक व 23 हजार 260 बालिकाएं शामिल हैं। इसी प्रकार इंटर में 38 हजार 636 में से 19 हजार 965 बालक व 18 हजार 671 बालिकाएं है।
इनके लिए 180 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर उत्तरपुस्तिकाएं व पेपर एक सप्ताह पहले ही पहुंच चुके हैं। बुधवार को परीक्षा केंद्रों पर डेस्क स्लिप सहित अन्य तैयारियां होती रहीं। वहीं डीआईओएस कार्यालय में केंद्र व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षक न पहुंचने की शिकायतें आती रहीं। जिस पर डीआईओएस ने बीईओ को फोन करके कक्ष निरीक्षकों की तत्काल व्यवस्था कराई।