महोली/ पिसावां। अराजकतत्वों ने महोली व पिसावां स्थित दो धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
महोली के नेरी बाजार स्थित सिद्धेश्वर मंदिर में स्थापित शिवलिंग को अराजकतत्वों ने तोड़ दिया। इसके बाद शिवलिंग को मंदिर के पास ही बने कुएं में फेंक दिया। मंदिर में लगे दो घंटे भी उठा ले गए। बृहस्पतिवार सुबह दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने शिवलिंग गायब देखा तो हड़कंप मच गया। कुएं में झांका तो शिवलिंग अंदर पड़ा था। इसके बाद बजरंगदल के कार्यकर्ताओं को सूचना दी गई।
देखते ही देखते कई गांवों के लोग पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शिवलिंग को कुएं से बाहर निकला। बजरंग दल के जिला सह संयोजक विशाल कश्यप ने इस मामले में तहरीर दी है। बजरंग दल के पदाधिकारी प्रभात ने बताया कि इस घटना से लोगों में आक्रोश है। अपराध निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है।
उधर, पिसावां के गांव अमानुल्लापुर (परिवर्तित नाम जमुनानगर) में प्राचीन शिवमंदिर है। यहां भी शिवलिंग के साथ स्थापित नंदी को गांव निवासी शिवकुमार राठौर ने तोड़ दिया। रात में आरोपी ने नशे में हंगामा भी मचाया लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बृहस्पतिवार सुबह गांव वाले जब मंदिर में जल चढ़ाने पहुंचे तो उन्हें मंदिर में तोड़फोड़ के बारे में पता चला। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि आरोपी शिवकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।