उरदौली (सीतापुर)। हाईवे के उरदौली कस्बे में अतिक्रमण के कारण बढ़ते हादसों को लेकर चेते जिम्मेदारों ने बृहस्पतिवार को सड़क मार्ग के किनारे हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया। बुधवार को उरदौली कस्बे के हाइवे पर ट्रक व बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि पति गंभीर घायल हुआ था। अमर उजाला ने अतिक्रमण के कारण सकरे हुए रास्ते पर लगातार बढ़ रहे हादसों का मामला प्रमुखता से उठाया था।
इसे संज्ञान में लेते हुए बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी शशि बिंदु द्विवेदी व सीओ आलोक प्रसाद की अगुवाई में पुलिस फोर्स व राजस्व कर्मियों की टीम ने जेसीबी के साथ उरदौली कस्बे पहुंच कर सड़क मार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान सभी दुकानदारों को हाईवे के किनारे बने नाले तक ही सीमित रहने के लिए निर्देशित किया गया। टीम के साथ पहुंचे अफसरों ने पहले अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को अपना अतिक्रमण हटाने के लिए आधा घंटे का समय दिया। इससे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। लोग अपने गुमटी व ठेला को हटाने में जुट गए। तय मियाद बाद जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटा, उनके निर्माण व गुमटियों को जेसीबी की मदद से ढहा कर हटाया गया।
उपजिलाधिकारी शशिबिंदु द्विवेदी ने बताया कि चिह्नित इलाके में अगर पुन: कोई अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके खिलाफ सीधे पुलिस में केस दर्ज कराने की कार्रवाई होगी। इस मौके पर मौजूद नेशनल एन एच आई की कार्यकारी संस्था एडकाम इंडिया के इंसिडेंट मैनेजर श्याम अवतार शर्मा ने बताया कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए कट के आसपास जेब्रा क्रॉसिंग व स्पीड ब्रेकर भी बनाया जाएगा।