सीतापुर। शहर स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने किसानों का माला पहनाकर स्वागत किया। एडीएम ने किसानों को मिठाई खिलाने के बाद अपने सामने गेहूं की तौल करवाई। इसी के साथ गेहूं खरीद का शुभारंभ हो गया।
एडीएम ने बताया कि इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। क्रय केंद्र पर 20 रुपये उतराई व छनाई का लाभ भी दिया जा रहा है। मंडी में निःशुल्क पंजीकरण की व्यवस्था है। बताया कि जिले में खाद्य विभाग के 23, पीसीएफ के 80, पीसीयू के 44, यूपीएसएस के 10, भारतीय खाद्य निगम के 10 और मंडी समिति के 3 केंद्र हैं। 170 गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को गेहूं बेचने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
अब तक 4076 पंजीकरण
डिप्टी आरएमओ उदय प्रताप सिंह सिसोदिया ने बताया कि जिले में गेहूं खरीद के लिए 1 जनवरी से पंजीकरण शुरू किया गया था। अब तक 4076 किसानों ने पंजीकरण करवाया है। किसान किसी भी जनसुविधा केंद्र, साइबर कैफे, मोबाइल फोन या मोबाइल ऐप के माध्यम से खाद्य विभाग के पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण या नवीनीकरण करवा सकते हैं। किसानों से गेहूं खरीद के बाद पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से किसानों के बैंक खाते के सत्यापन के बाद 48 घंटे में धनराशि उनके अकाउंट में भेजी जाएगी। इसके साथ किसान समस्या होने पर कंट्रोल रूम के नंबर -05862-356031 पर कॉल कर सकते हैं।
मोबाइल पर करें कॉल, घर से होगी गेहूं खरीद
गेहूं खरीद को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने मोबाइल यूनिट को अधिक सक्रिय किया है। यदि किसी गांव के किसान अपना गेहूं खुद केंद्र तक नहीं ले जा पा रहे हैं तो उन्हें प्रधान व लेखपाल से संपर्क कर इसकी जानकारी तहसील प्रशासन को देनी होगी। इसके बाद गांव में एक स्थान पर करीब 200 क्विंटल गेहूं एकत्र करना होगा। मोबाइल यूनिट उस गांव में पहुंचकर गेहूं की खरीद करेगी।