इमलिया सुल्तानपुर। इलाके के फर्रकपुर घाट पर पुल के पहले मंगलवार सुबह टहलने निकले एक युवक को अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राॅली ने रौंद दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है।
इलाके के नौवा महमूदपुर निवासी आकाश राठौर (21) सरकारी सेवा में जाने के लिए शारीरिक फिटनेस की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए वह सुबह दौड़ने निकले थे। वह गांव से फर्रकपुर पुल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान धरनाग गांव की तरफ से खाद लेकर आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने आकाश को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया लेकिन आकाश के नीचे दबने के कारण ट्राॅली आगे नहीं बढ़ सकी, तो चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
घटना की जानकारी पाकर पहुंचे परिजनों ने युवक को बाहर निकालते हुए सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया ने बताया कि घायल आकाश को गंभीर हालात में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई परिजनों की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।