दो दिन पूर्व घर से ससुराल के लिए निकला था, कमलापुर में मिली लाश
कमलापुर (सीतापुर)। मानपुर थाना क्षेत्र में ससुराल को निकले एक युवक का शव गुरुवार को संदिग्ध हालात में नहर में उतराता पाया गया है। वह दो दिन पूर्व घर से ससुराल के लिए निकला था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जांच की बात कह रही है।
मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर निवासी रामेंद्र (32) गत 17 जुलाई को अपनी ससुराल ग्राम खंजहापुरवा के लिए निकला था। जिसके बाद वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया। परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
इधर गुरुवार को कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भुलभुलिया के निकट नहर में कुछ ग्रामीणों ने एक युवक का शव नहर में उतराता हुआ देखा। खबर फैलते ही परिवारीजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिवारीजनों ने युवक की मौत को लेकर हत्या का संदेह जताया है।
उधर यह भी बताया जा रहा है कि 17 जुलाई को रामेंद्र गांव के एक युवक के साथ नहर पर नहाने गया था। नहाते वक्त ही वह नहर के पानी डूब गया था। कमलापुर थानाध्यक्ष संजीत सोनकर ने बताया कि इस मामले में हत्या की कोई तहरीर नहीं मिली है। मृत्यु का कारण स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।