सीतापुर। ई-श्रम कार्ड योजना के तहत आवेदन करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। पहले चरण में जिले के 9.75 लाख लाभार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। तीन जनवरी को इनके खाते में एक-एक हजार रुपये भेजे जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में अन्य लाभार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। शुक्रवार को अंतिम दिन होने की वजह से आवेदनों की संख्या में और अधिक इजाफा होगा।
प्रदेश सरकार की ओर से ई-श्रम कार्ड योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के ई-श्रम कार्डधारकों को इसका लाभ दिया जाएगा। लाभार्थी को प्रतिमाह पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। यह रकम उन्हें भत्ता के रूप में मिलेगी जिससे उनके जीवनयापन में आर्थिक मदद होगी। इस योजना के तहत जिले के लोगों ने जमकर आवेदन किए हैं।
श्रम विभाग के मुताबिक 30 दिसंबर तक जिले में 13.58 लाख लोगों ने आवेदन किए हैं जिन्होंने अपना ई-श्रम कार्ड बनवाया है। 25 दिसंबर तक आवेदन करने वाले लोगों को इसकी पहली किश्त तीन जनवरी को दी जाएगी। सीधे उनके खाते में दो माह का भत्ता एक हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
25 जनवरी तक जिले में 9.75 लाख लोगों ने आवेदन किए हैं। पहले चरण में इन लाभार्थियों को ही रकम मिलेगी जबकि अन्य लाभार्थियों को दूसरे चरण में लाभ दिया जाएगा। शुक्रवार को आवेदन का अंतिम दिन था। इसलिए आवेदन करने वालों की संख्या और अधिक बढ़ सकती है।
ई-श्रम योजना के तहत जिले में आवेदन करने वालों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है। श्रम विभाग के मुताबिक अब तक प्रदेश में सीतापुर जिला दूसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर जौनपुर जिला है जहां सर्वाधिक आवेदन हुए हैं। सीतापुर जिला दूसरे स्थान पर है, यहां 13.58 लाख आवेदन हो चुके हैं। इनकी संख्या में और अधिक इजाफा होगा।
इस योजना के तहत असंगठित क्षेत्र का कोई भी आवेदन कर सकता है। उसकी उम्र 18 से 59 आयु वर्ग के बीच हो। उसकी मासिक कमाई 15 हजार से कम हो। केवल आधारकार्ड व मोबाइल नंबर के जरिए ई-श्रम पोर्टल पर आवेदन करके लाभ उठाया जा सकता है।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी विश्वदेव भारती ने बताया कि ई-श्रम योजना के तहत 9.75 लाख लोगों को तीन जनवरी को पहली किश्त दी जाएगी। उनके खातों में सीधे रकम आएगी। उसके बाद अगले चरण में अन्य लाभार्थियों को इसका लाभ दिया जाएगा। आवेदन के बाद योजना के पात्र बने इन लाभार्थियों को हर माह 500 रुपये भत्ते के रूप में आगे भी मिलते रहेंगे।