रातभर भीषण गर्मी में परेशान रहे क्षेत्रवासी
सीतापुर। शहर के दो मोहल्लों में मंगलवार रात को ट्रांसफार्मर फुंक गए। इससे दोनों मोहल्लों में करीब 12 घंटे बिजली गुल रही। बुुधवार को ट्रांसफार्मर बदलने के बाद यहां की बाधित विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। ऐसे में मोहल्ले वासियों को भीषण गर्मी में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
शहर के मोहल्ला पूर्णागिरि नगर व इस्लामबाद के ट्रांसफार्मर मंगलवार रात फुंक गए। दोनों मोहल्लों के नागरिक पहले तो लोकल फाल्ट समझकर काफी देर तक लाइट आने का इंतजार करते रहे। लेकिन जब लाइट नहीं आई तो जानकारी करने पर पता चला कि ट्रांसफार्मर जल गए हैं।
इस पर लोगों ने पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। बाद में बिजली अधिकारियों ने रात में ही जले ट्रांसफार्मर को मरम्मत कराने का प्रयास किया, लेकिन पूरी तरह से जले होने की वजह से वह बन नहीं सके।
ऐसे में सुबह बिजली अधिकारियों ने इन मोहल्लों के ट्रांसफार्मर को बदलवाकर वहां की आपूर्ति सुचारु रुप से चालू कराई। उपखंड अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि दोनों स्थानों पर 400 केवीए के नए ट्रांसफार्मर लगवाकर वहां की आपूर्ति बहाल करा दी गई है।