शहर से लेकर गांव-गांव गणेश महोत्सव की तैयारियां पूरी
सीतापुर। जिले के शहरी और गंवई इलाकों में गुरुवार सुबह से ही गणपति बप्पा मोरया की गूंज हर तरफ सुनाई देगी। इस दिन ढोल-नगाड़े की धुन पर व मंगलगीतों के संग भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित करेंगे। सार्वजनिक स्थलों समेत घरों में गणपति बप्पा की प्रतिमाओं की स्थापना होगी। उधर, प्रशासन ने महोत्सव पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखने का दावा किया है।
गणपति बप्पा मोरया की गूंज के बीच गुरुवार से गणेश चतुर्थी का पर्व शुरू हो रहा है। गणेश महोत्सव पर आयोजन समितियों के लोग शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में गणपति की प्रतिमा स्थापित की तैयारियों को मूर्तरूप देने में जुटे हैं। गणेश महोत्सव समिति लालबाग द्वारा शहर के अमर शहीद पार्क में गणेश प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
समिति के अध्यक्ष पालू रस्तोगी ने बताया कि गुरुवार शाम को लालबाग के राजा को बड़ी धूमधाम के साथ ढोल-नगाड़ा, डीजे व झांकियों के साथ स्थापित किया जाएगा। साथ ही दस दिनों तक लगातार गणेश महोत्सव में धूम मचेगी। वृंदावन के कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रकार की झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी और शाम को गणेश जी की आरती भी की जाएगी।
यहां होंगे गणेश महोत्सव के मुख्य आयोजन
गणेश महोत्सव को लेकर सभी ने अपनी-अपनी तैयारी पूरी कर ली है। श्रद्धालु अपने-अपने गणपति को खुश करने के लिए तरह-तरह के आयोजन करेंगे। गणेश महोत्सव को लेकर शहर के शहीद पार्क में साढ़े दस फिट के गणपति बप्पा स्थापित होंगे।
होली नगर में शेषनाग पर विराजेंगे गणपति, घूरामऊ बंगला के बगिया के राजा, लोहार के सिद्घि विनायक गेस्ट हाउस में लोहारबाग के राजा, संतोषी माता मंदिर, झूलेलाल मंदिर, दुर्गापुरवा, विजय लक्ष्मी नगर, गुड़ियन टोला, रोटी गोदाम सहित पूरे जिले में बड़ी धूमधाम से गणपति बिराजेंगे।