फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के दौड़ रहे 49 हजार वाहन

विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। जिले भर में अब भी बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के 49 हजार वाहन दौड़ रहे हैं। ऐसे वाहनों में अभी तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लग सकी है। इसके पीछे विभाग की लापरवाही व जन जागरूकता के अभाव की भी बात सामने आ रही है। करीब तीन साल पहले वाहनों में नंबर प्लेट लगाने का निर्देश जारी हुआ था। इसके बाद दो साल तक कोविड काल के चलते इस कार्रवाई में परिवहन विभाग ने छूट दे दी थी। अब जब हालात सामान्य हुए तो भी नंबर प्लेट लगवाने में तेजी नहीं आ रही है।
विज्ञापन

परिवहन विभाग के मुताबिक विभाग में जिले में करीब 55 हजार दो पहिया वाहन रजिस्टर्ड हैं। इनमें करीब 45 हजार वाहन ऐसे हैं, जिनमें नंबर प्लेट नहीं लग सकी है। जिन वाहनों ने री-रजिस्ट्रेशन कराया है या वाहन का ट्रांसफर कराया है, उनके वाहनों में प्लेट लगाई गई है। इसके अलावा चार पहिया वाहनों की संख्या लगभग करीब नौ हजार है। इनमें चार हजार वाहनों में प्लेट नहीं लगी है। तीन साल पहले शुरू हुई कवायद के बाद दो साल तक छूट दी गई थी। उसके बाद परिवहन विभाग ने इस ओर ध्यान भी नहीं दिया।
नंबर को लगवाने के लिए कोई जागरूकता कार्यक्रम भी नहीं करवाए जा सके। इसकी वजह से अधिकतर वाहन बिना हाई सिक्योरिटी प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे है। विभाग इनके खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं कर रहा है। विभाग का कहना है कि अभी तक ऐसे निजी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिनके नंबर के अंत में 0,1,2 और 3 का आता है। मान लीजिए आपके वाहन का नंबर 1010 है तो उसकी मियाद पूरी हो चुकी है। ऐसे वाहनों का चालान किया जा रहा है।
विज्ञापन

66 वाहनों का हो चुका चालान
एआरटीओ प्रशासन माला वाजपेई ने बताया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ अब कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने की अंतिम तिथि निकल जाने के बाद कार्रवाई की जा रही है। अब तक 66 वाहनों के चालान किए गये हैं। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अगर कोई ऐसे वाहन मिलते हैं तो उनके जुर्माने की राशि पांच हजार रुपये देनी होगी।
किसको कितनी मियाद
0,1,2 और 3 के अलावा जिन वाहनों के आखिर में कोई और अंक आता है, उनके लिए अभी छूट है। परिवहन विभाग का कहना है कि कुछ वाहन चालान की कार्रवाई से बच सकते हैं। जिन वाहनों के आखिर में 4 व 5 अंक आता है, उनकी समय सीमा अगस्त माह तक है। 6 व 7 अंक के लिए समय सीमा नवंबर तक, 8 व 9 नंबर के लिए समय सीमा फरवरी 2023 तक है। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाना सभी के लिए अनिवार्य है। इसलिए जल्द सभी लोग हाई सिक्योरिटी प्लेट को लगवा लें।
कई वाहनों का नहीं है पता
परिवहन विभाग में जो 55 हजार दो पहिया वाहन दर्ज हैं, उनमें कई वाहन ऐसे हैं जो या तो कबाड़ हो चुके हैं या लोगों के घरों और गोदाम में कंडम अवस्था में खड़े हैं। कई ऐसे वाहनों की चोरी भी हो चुकी है। उनके पुर्जे खोलकर अन्य वाहनों में फिट कर दिए गए है। ऐसे वाहनों को खोज पाना विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है।
कार्रवाई में होगी आसानी
शहर में कई ऐसे वाहन हैं जिनमें लगी नंबर प्लेटों से नंबर ही गायब है। ऐसे में जब उनका चालान फोटो खींचकर किया जाता है तो पूरे नंबर न होने से सही जानकारी नहीं मिल पाती है। ऐसे वाहन चालक कभी-कभी कार्रवाई से बच जाते हैं। अब अगर यह नंबर प्लेट लग जाएगी तो ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ऐसे लग सकेगी नंबर प्लेट
एसआईएएम डॉट इन पर जाएं। बुक माई एचएसआरपी पर क्लिक करें। पूरा नाम पता भरें। दो पहिया, चार पहिया या अन्य वाहन की श्रेणी को चुनें फिर वाहन कंपनी के डीलर को चुनें। चेचिस नंबर और पंजीयन नंबर फीड करें। आरसी और आईडी अपलोड करने पर ओटीपी मिलेगा। टाइम स्लॉट चुनें व ऑनलाइन भुगतान करें। आपको नंबर प्लेट लगाने का समय मिल जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें