नैमिषारण्य चक्रतीर्थ के बाशिंदों को जल्द ही 24 घंटे विद्युत आपूर्ति मिलेगी। यहां के लोगों को यह सहूलियत देने को पावर कॉर्पोरेशन ने नया उपकेंद्र स्थापित किया है। इस उपकेंद्र पर तकरीबन पांच करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नैमिष के समेकित विकास का वादा किया था। इसके तहत नैमिषारण्य का संपूर्ण विकास व यहां के उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली देने का ऐलान किया था। इसी के तहत पावर कॉर्पोरेशन ने नैमिष में नए उपकेंद्र का प्रोजेक्ट तैयार किया था।
अब यह उपकेंद्र बनकर तैयार हो गया। गुरुवार को नैमिषारण्य के मुआयने में डीएम अमृत त्रिपाठी ने उपकेंद्र का निरीक्षण किया था। उन्होंने अफसरों को 20 अप्रैल से 24 घंटे आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए हैं। एसडीओ विजेंद्र सिंह ने बताया कि उपकेंद्र बनकर तैयार हो गया है, पर अभी तक यह कॉर्पोरेशन को हैंडओवर नहीं हो सका है।
900 उपभोक्ता हाेंगे लाभान्वित
विद्युत आपूर्ति का तोहफा तीर्थ के ही उपभोक्ताओं को मिलेगा। तीर्थ पर करीब 900 बिजली उपभोक्ता हैं, जिन्हें बेहतर आपूर्ति का लाभ मिल सकेगी। वहीं पूरे नैमिष में हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जा रही हैं।
इसी माह से मिलने लगेगी बिजली
नैमिषारण्य तीर्थ को बेेेेहतर बिजली आपूर्ति की सौगात इसी माह से जनता को सौंप दी जाएगी। इस पर तेजी से काम चल रहा है। उम्मीद हैं 20 अप्रैल के आसपास लोकार्पण समारोह आयोजित कर उपकेंद्र जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
आरबी यादव, अधिशासी अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन