सीतापुर। आतंकवाद के विरोध में पूरा जिला एक साथ खड़ा हो गया। अपने जवानों की शहादत पर जहां आंखें नम थीं, वहीं इनका बदला लेने के लिए जमकर आक्रोश था। शहीदों के सम्मान में लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। विरोध प्रदर्शन करके पाकिस्तान के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
शहीदों के सम्मान व आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों ने एक दिन पहले ही शनिवार को बाजार बंदी का एलान कर दिया था। इसका असर भी दिखाई दिया। पूरे जिले में अधिकांश दुकानें सुबह से ही बंद रहीं। व्यापारी अपने प्रतिष्ठान पर आए। लेकिन उन्होंने दुकान का ताला नहीं खोला।
बल्कि निकल रहे जुलूसों में शामिल हो गए। पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसकी वजह से शहर की लालबाग बाजार की नमक मंडी, सोना मंडी, लोहा मंडी, सब्जी मंडी, कपड़ा मंडी, किराना मंडी, बर्तन मंडी सहित सभी मंडियां बंद रहीं।
आंख अस्पताल रोड के बड़े प्रतिष्ठान से लेकर छोटे मोटे ठेला व कुलचे वालों तक ने बंदी रखकर विरोध जताया। कुछ इसी तरह हालात मिश्रिख, सिधौली, कमलापुर, लहरपुर, बिसवां, महमूदाबाद, महोली, पिसावां, मास्टरबाग, खैराबाद सहित सब जगहों पर दिखाई दिए।