डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब दो सिपाहियों समेत 21 लोग डेंगू की चपेट में आ गए हैं। सबसे खराब हालत शहर के नैपालापुर व खैराबाद के मुंशी पुरवा गांवों की है, जहां 16 लोग डेंगू की चपेट में आए हैं।
इनमें से छह लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। डेंगू की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या 159 से बढ़कर 180 हो गई है।
शहर नैपालापुर के मजरों में डेंगू ने दस्तक दे दी है। गांव के मोहल्ला आदर्श नगर सेक्टर वन निवासी अनुभव को डेंगू हुआ है। उसकी प्लेटलेट्स 60 हजार हैं। इसी मोहल्ले के अमित (20) व सोनू (21) को भी डेंगू हुआ है। दोनों का लखनऊ में इलाज कराया जा रहा है।
इसी ग्राम सभा के मोहल्ला रमपुरवा निवासी अरविंद (35) व उनकी पत्नी अनीता देवी (30) को डेंगू हुआ है। दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। बराती लाल की पत्नी सुमन देवी व कावेश (30) तथा हनुमान (45) को डेंगू हुआ है। इन्हें लखनऊ से कराया जा रहा है।
नैपालापुर के ग्रामीणों का कहना है कि मच्छरों को लेकर निरोधात्मक कार्रवाई न होने के कारण ऐसी नौबत आ रही है। खैराबाद थाने में तैनात सिपाही राहुल भदौरिया व राजेश कुमार यादव को डेंगू हुआ है। राहुल की प्लेटलेट्स 16000 तथा राजेश की प्लेटलेट्स 20 हजार के करीब हैं।
राजेश को लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खैराबाद क्षेत्र के ग्राम में डेंगू ने जबरदस्त तरीके से पांव पसार रखे हैं। इस गांव के निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीता पत्नी कुलदीप को डेंगू हुआ है। उसकी प्लेटलेट्स 26 हजार हैं।
गांव के सुबेदार की पत्नी रेखा देवी की प्लेटलेट्स 36 हजार हैं, बाबूराम की पत्नी गीता देवी की प्लेटलेट्स 30 हजार हैं, राजेंद्र की प्लेटलेट्स 18 हजार, राजेंद्र के पुत्र अतुल की प्लेटलेट्स 60 हजार व राजेंद्र की पत्नी की प्लेटलेट्स भी कम थीं। इन सभी में डॉक्टरों ने डेंगू की पुष्टि की है। लखनऊ में अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में चल रहा है।
खैराबाद के मोहल्ला हटौरा निवासी उमेश जायसवाल (42) को भी डेंगू हुआ है। जिसका इलाज जिले के ही एक प्राइवेट अस्पताल में हो रहा है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पक्काबाग निवासी शहंशाह (25) को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। जिला अस्पताल में जांच में उसे डेंगू होने की पुष्टि हुई है।
इसी तरह से रामकोट के ग्राम शंकरपुर निशां रविंद्र कुमार की पत्नी निशां देवी (50), गदियाना निवासी सत्य प्रकाश के पुत्र आयुष सक्सेना (17), हरगांव जलालीपुर निवासी इशहाक (60), सलीम के पुत्र सुएब (10), वालदा रोड निवासी रामू की पत्नी मीनू देवी (25) को भी डेंगू हुआ है। इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।