विकास कार्यों में लाएं तेजी : डीएम
सीतापुर। जिलाधिकारी शीतल वर्मा ने नगर पालिका व पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 15 अगस्त तक सभी नगरीय क्षेत्रों को हर हाल में ओडीएफ कराने की बात कही है।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को नगर पालिका व पंचायत के अध्यक्षों तथा अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए डीएम ने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नगरीय क्षेत्रों में गंदगी व जलभराव की समस्या जल्द से जल्द दूर कर ली जाए। शहर के नाले-नालियों और साफ-सफाई की खराब हालत पर चिंता व्यक्त करते हुए डीएम ने कहा कि पालिकाध्यक्ष और ईओ सामंजस्य बनाकर काम करें। यदि कोई समस्या है तो सिटी मजिस्ट्रेट के साथ बैठक कर निस्तारित कर लें। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल द्वारा विकास कार्यों व साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर डीएम ने कहा कि कार्यशैली सुधारें वरना वित्तीय अधिकार सीज कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा 15 अगस्त पर नगरीय क्षेत्र हर हाल में ओडीएफ करने हैं। इस संबंध में तेजी से जुट जाएं। वहीं, 15 जुलाई से पॉलिथीन व प्लास्टिक पर रोक लगाए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट हर्षदेव पांडेय सहित सभी नगर पालिका व पंचायतों के अध्यक्ष व ईओ मौजूद थे।