सीतापुर। जिले के शिवालय पवित्र सावन माह को लेकर सज गए हैं। आज सावन का पहला सोमवार है। सोमवार की सुबह से ही शिवालयों पर शिवभक्तों का तांता लग जाएगा और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ भक्त अपने आराध्य देव भोले शंकर का जलाभिषेक करेंगेे। सावन के मद्देनजर प्रशासन भी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है।
शिवभक्तों का बहुप्रतीक्षित सावन माह शुरू हो गया है। सावन में सोमवार को शिवलिंग का जलाभिषेक व पूजन-अर्चन करने का विशेष महत्व है। सावन के पहले सोमवार के दृष्टिगत रविवार को दिन भर शिवालयों की सफाई व सजावट का कार्य चलता रहा। शहर के प्रसिद्ध श्यामनाथ मंदिर, जंगलीनाथ मंदिर, त्रिकोणनाथ मंदिर के अलावा नैमिषारण्य में देव देवेश्वर, बिसवां का पत्थर शिवाला, कमलापुर के शिवालय व नागेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं का तांता उमड़ता है।
इसके अलावा कांवड़ियों के जत्थे भी शिवालयों पर पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं। सावन के एक दिन पूर्व लोग काफी उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे रहे। वहीं, शिव मंदिरों व शिवालयों की सफाई व सजावट की तैयारियां चलती रहीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई मंदिरों की बैरीकेडिंग की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए मंदिरों में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
कांवड़ियों के जत्थे शिवालयों पर पहुंचने लगे हैं। रविवार को कमलापुर क्षेत्र के नागेश्वरनाथ धाम में राजघाट से कांवड़ लेकर पहला जत्था पहुंचा। वहां कांवड़ियों ने शिवलिंग का गंगा जल से अभिषेक किया। डीजे की धुन पर थिरकते कांवड़ियों का जत्था निकलने से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।